पंजाब रोडवेज बस में सवार तस्कर से पकड़ी चरस
HNN/ मंडी
जिला मंडी के सुंदरनगर में पुलिस ने पंजाब रोडवेज बस में सवार एक तस्कर से चरस बरामद की है। मामले में पुलिस ने मनदीप दाहिया पुत्र राजेंद्र निवासी गांव रोहाणा तहसील व थाना खरखोदा जिला सोनीपत हरियाणा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना सुंदरनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार एएसआई दौलत राम ने पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम के साथ पुंघ में नाका लगाया हुआ था। इस दौरान पंजाब रोडवेज की बस को जाँच के लिए रुकवाया गया। जब पुलिस बस की जाँच करने लगी तो मनदीप दाहिया की शक के आधार पर तलाशी ली जिसके कब्जे से 812 ग्राम चरस बरामद हुई।
उधर, एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बस में सवार एक तस्कर से चरस बरामद हुई है। मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस की नशा तस्करों पर कार्रवाई लगातार जारी है।