पटवारी-कानूनगो संघ के संघर्ष का दूसरा चरण शुरू, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
HNN/ नाहन
संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो संघ जिला सिरमौर इकाई ने वीरवार को सिरमौर प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान महासंघ ने अतिरिक्त कार्यभार छोड़ने और 250 रुपये मोबाइल भत्ता रिकवर करने की बात कही। महासंघ के जिलाध्यक्ष भगत सिंह और महासचिव रजनीश शर्मा ने बताया कि 25 जुलाई से संघ के संघर्ष का दूसरा चरण राज्य कार्यकारिणी के आदेशानुसार शुरू हो रहा है।
इसमें सिरमौर में पटवारी एवं कानूनगो अतिरिक्त कार्यभार की चाबियां उच्चाधिकारियों को सौपेंगे। इसके अतिरिक्त पच्छाद और संगड़ाह में जो दो रिकार्ड रूम अनाधिकृत तौर पर चल रहे हैं, उनका अतिरिक्त कार्यभार भी अब पटवारी और कानूनगो नहीं देखेंगे। इसके अलावा मोबाइल भत्ता 250 रुपये प्रति महीने पटवारी एवं कानूनगो के खाते में मना करने के बाद भी डाले गए हैं।
इस संबंध में जिला की समस्त तहसील इकाई द्वारा सिंगल लाइन प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसमें सरकार जब भी चाहे उक्त राशि को पटवारी एवं कानूनगो के वेतन से काट सकती है। संघ के पदाधिकारियों ने आग्रह किया कि उन्हें 250 रुपये भत्ते की जगह ब्रॉडबैंड, प्रिंटर या इंटरनेट की सुविधा प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि इसके अलावा पटवारी एवं कानूनगो संघ आपदा संबंधी कार्य आम जनता के हित को देखते हुए जारी रखेगा।