पत्नी ने दोस्त के साथ मिलकर पति के खाते से निकाले इतने लाख रुपए, गिरफ्तार
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा के फतेहपुर में एक महिला और उसके दोस्त को पति के खाते से 5.70 लाख रुपए निकलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को चंडीगढ़ के खरड़ से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान प्रीती कौर व उसके साथी संदीप सिंह पुत्र परविन्द्र सिंह निवासी झिंझाना (यूपी) के रूप में हुई है।
बता दें कि प्रीती कौर पत्नी कुशल कुमार ने अपने साथी संदीप सिंह को अपने पति के रूप में बैंक में पेश करके 5,70,000 रुपए चैक के माध्यम से निकाल लिए थे। इस बाबत जब कुशल कुमार पुत्र स्वर्गीय मुंशी राम निवासी भड़वार को पता चला तो उन्होंने 4 सितम्बर, 2022 को पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलसि ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।
पुलिस ने सुरेन्द्र पाल के नेतृत्व में जांच टीम बनाई और आरोपियों की तलाश में उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। विभिन्न स्थानों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को चंडीगढ़ के खरड़ से गिरफ्तार किया। एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को नूरपुर की अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड मिला है।