पत्नी से मिलने आए आशिक की पति ने डंडे से पीटकर की हत्या
HNN/मंडी
जिला मंडी में एक हैरान कर देने वाली घटना संज्ञान में आई है। यहां नेरचौक के ढांगू में एक व्यक्ति ने उसकी पत्नी से मिलने आए आशिक को डंडे से पीट पीटकर उसकी हत्या कर दी है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय अर्जुन पुत्र फकीरा गांव नगलाबाल जिला बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति, देवर सहित महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक निचला ढांगू में रहकर मजदूरी का काम करता था। वह एक स्थानीय महिला से काफी समय से संबंध में था। इस दौरान 21 फरवरी की रात को युवक महिला के बुलाने पर उसके घर पहुंच था। जहां महिला के देवर भादर सिंह ने अर्जुन को भाभी के कमरे में जाते देख लिया। उसने कमरे को बाहर से बंद कर दिया और अपने महिला के पति नंदलाल को फोन कर घर बुलाया।
पति ने घर पहुंचकर डंडे से पीटकर अर्जुन को मार दिया और पत्नी को भी पीट कर उसकी बाजू तोड़ दी। घटना को अंजाम देने के बाद नंदलाल ने मृतक अर्जुन को गाड़ी में डालकर ढांगू सत्संग भवन के पास सुकेती खड्ड के किनारे फेंक दिया गया। जिसके बाद 22 फरवरी की शाम को पुलिस को सूचना मिली कि नेरचौक के अंतर्गत ढांगू सत्संग भवन के पास सुकेती खड्ड के किनारे एक शव पड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम करवाने पर मृतक के सिर, मुंह व बाजू पर डंडे से चोटों के निशान पाए गए। जिसके बाद पुलिस ने बल्ह थाना में हत्या का मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। एएसपी मंडी सागर चंद्र ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है।