Loading...

परियोजना निदेशक ने खण्ड विकास अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, दिए यह निर्देश…

PRIYANKA THAKUR • 30 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN / सोलन

अतिरिक्त उपायुक्त एवं परियोजना निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, सोलन जफर इकबाल की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में जिला सोलन के खण्ड विकास अधिकारियों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी विकास खंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला सोलन की सभी ग्राम पंचायतों में कम से कम एक गांव को आदर्श बनाना सुनिश्चित करें। उन्होनें कहा कि प्रत्येक विकास खण्ड में एक-एक प्लास्टिक कचरा प्रबन्धन यूनिट, हर पंचायत में जिम, पंचवटी पार्क व खेल मैदान के अतिरिक्त वर्षा जल संग्रहण व पौधारोपण के कार्य करवाए जाये।

उन्होनें कहा कि सोलन जिला पर्यटन के क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान रखता है, जिला हरा भरा आकर्षक एवं स्वच्छ रहे इसके लिए सभी खण्ड विकास अधिकारी विभाग की योजनाओं के माध्यम से विशेष प्रयास करें। इसके अतिरिक्त लम्बित आवास योजनाओं व मनरेगा के अधूरे कार्याें को 31 मार्च, 2023 से पहले पूरा करना सुनिश्चित करें।