क्रिकेट में चमका सिरमौर का हर्ष ठाकुर, हिमाचल विश्वविद्यालय बना नॉर्थ जोन चैंपियन
दिल्ली विश्वविद्यालय को रोमांचक मुकाबले में 4 रन से दी शिकस्त, नेरी कोटली के युवा खिलाड़ी की उपलब्धि से राजगढ़ में खुशी की लहर
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | राजगढ़
जिला सिरमौर के राजगढ़ की ग्रामीण प्रतिभा ने अंतर-विश्वविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता में अपनी पहचान बनाकर समूचे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। राजगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत सेर जगास के गांव नेरी कोटली निवासी हर्ष ठाकुर पुत्र संजीव ठाकुर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की उस पुरुष क्रिकेट टीम का हिस्सा बने हैं, जिसने नॉर्थ जोन अंतर-विश्वविद्यालय क्रिकेट चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया है।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की टीम ने फाइनल मुकाबले में दिल्ली विश्वविद्यालय को 4 रन से शिकस्त देकर शानदार जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से हर्ष ठाकुर के परिजनों सहित समूचे राजगढ़ क्षेत्र में खुशी की लहर है।
फाइनल मुकाबले में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 30 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 229 रन बनाए। टीम के कप्तान आर्यव्रत शर्मा ने 80 और ध्रुव सिंह ने 61 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, सुकृत शर्मा ने नाबाद 38 और सोहम ने नाबाद 19 रनों का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली विश्वविद्यालय की टीम निर्धारित 30 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 225 रन ही बना सकी। दिल्ली की ओर से कौशल सुमन ने 70 और करण यादव ने 56 रन बनाए। रोमांचक मुकाबले में हिमाचल की टीम ने चार रन से जीत दर्ज कर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने इस शानदार उपलब्धि पर टीम के सभी खिलाड़ियों, शारीरिक शिक्षा एवं युवा कार्यक्रम निदेशक प्रो. संजय शर्मा, कोच डॉ. विक्रांत भारद्वाज तथा टीम प्रबंधक डॉ. ओंकार को बधाई दी।
कुलपति ने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट खेल कौशल का परिणाम है। विश्वविद्यालय शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।
वहीं, नेरी कोटली जैसे छोटे से गांव से निकलकर अंतर-विश्वविद्यालय क्रिकेट के बड़े मंच पर विजेता टीम का हिस्सा बने हर्ष ठाकुर क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं।हर्ष की उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि प्रतिभा बड़े शहरों की मोहताज नहीं होती।
मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी सफलता का परचम लहरा सकते हैं।क्षेत्रवासियों ने हर्ष ठाकुर सहित उनके परिजनों को बधाई देते हुए कामना की है कि आने वाले समय में हर्ष राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सिरमौर और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करें।