Loading...

सिरमौर : भैया दूज पर पेट्रोल पंप रहा ड्राई, हिमफैड ने इंचार्ज को किया सस्पेंड

Shailesh Saini • 9 Mins Ago • 1 Min Read

उपभोक्ताओं से बदसलूकी और लगातार मिल रही शिकायतों पर प्रबंधन की बड़ी कार्रवाई, चंबा निर्धारित किया मुख्यालय

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | सराहां

जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल मुख्यालय सराहां में हिमफैड के सरकारी पेट्रोल पंप की अव्यवस्थाओं पर आखिरकार प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई की है। भैया दूज के दौरान करीब 24 घंटे तक पेट्रोल की आपूर्ति ठप रहने, उपभोक्ताओं से कथित बदसलूकी और लगातार मिल रही शिकायतों के चलते काहन स्थित पेट्रोल पंप के इंचार्ज गोविंद को निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय चंबा निर्धारित किया गया है।हिमफैड के डायरेक्टर राजीव ठाकुर ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि पंप इंचार्ज की कार्यप्रणाली और व्यवहार को लेकर पहले भी लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

भैया दूज के अवसर पर उन्होंने स्वयं पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया था। इस दौरान न तो पंप पर पेट्रोल उपलब्ध था और न ही इंचार्ज मौके पर मौजूद मिला।राजीव ठाकुर ने आरोप लगाया कि इंचार्ज को निलंबित करने का आदेश दिया गया था, लेकिन उसने आदेश की प्रति फाड़ दी और पेट्रोल पंप से चला गया।

गौरतलब है कि 10 नवंबर की शाम करीब पांच बजे पेट्रोल खत्म होने के बाद 11 नवंबर की देर शाम तक आपूर्ति प्रभावित रही थी। त्योहार के दौरान जहां लोगों की आवाजाही अधिक थी, वहीं पेट्रोल के लिए वाहन चालकों को इधर-उधर भटकना पड़ा।

हालांकि इस दौरान पंप पर डीजल उपलब्ध था।आरोप है कि पेट्रोल का टैंकर पहुंचने के बावजूद इंचार्ज समय पर मौके पर उपस्थित नहीं था। बुधवार देर शाम जब टैंकर से पेट्रोल उतारा जाने लगा तो पंप पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसी बीच उपभोक्ताओं और इंचार्ज के बीच बहसबाजी भी हुई।

आरोप है कि पेट्रोल लेने पहुंचे वाहन चालकों से इंचार्ज ने कहा कि यहीं क्यों आ रहे हो, दूसरे पेट्रोल पंप से क्यों नहीं भरवाते। इंचार्ज के इस कथित व्यवहार से उपभोक्ताओं में खासा रोष देखने को मिला।नाहन-सराहां-कुमारहट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हिमफैड का यह पेट्रोल पंप करीब 63 किलोमीटर के दायरे में वाहन चालकों के लिए ईंधन आपूर्ति का महत्वपूर्ण केंद्र है।

करीब 24 घंटे तक पेट्रोल की बिक्री ठप रहने से हिमफैड को लगभग पांच लाख रुपये के कारोबार का नुकसान होने का अनुमान है।

त्योहार के दौरान पेट्रोल की किल्लत ने पंप की स्टॉक प्रबंधन व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। वहीं, हिमफैड प्रबंधन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि अब पेट्रोल पंप की व्यवस्थाओं में सुधार होगा और उपभोक्ताओं को भविष्य में ऐसी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।