पर्यटन उद्योग के लिए संजीवनी साबित हुई बर्फबारी, कमरों की एडवांस बुकिंग शुरू
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में पर्यटन उद्योग के लिए बर्फबारी संजीवनी साबित हुई है। बर्फ गिरने के बाद एकाएक पर्यटन स्थलों पर कमरों की एडवांस बुकिंग तेज हो गई है। इस वीकेंड के अलावा अगले हफ्ते के लिए भी बुकिंग हो रही है। बर्फबारी के पूर्वानुमान के चलते सैलानी बुकिंग करवा रहे हैं।
राजधानी में बर्फबारी के बाद वीकेंड के लिए सैलानियों की आवाजाही बढ़ना शुरू हो गई है। वीकेंड के लिए होटलों में 40 फीसदी कमरे एडवांस में बुक हो चुके हैं। शनिवार तक 60 फीसदी तक कमरे बुक होने की उम्मीद है। कालका से शिमला आने वाली ट्रेनों में सैलानियों की संख्या बढ़ गई है।
दिल्ली, चंडीगढ़ और कालका से शिमला आने वाली लग्जरी बसें भी पैक चल रही हैं। ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद ने बताया कि बर्फबारी के बाद शिमला, कुफरी, नारकंडा, कुल्लू-मनाली, कसौली, चायल, चंबा और खजियार के लिए अधिक संख्या में बुकिंग आ रही है।