पशुपालन विभाग ने पकड़ी मवेशियों से भरी जीप, मामला दर्ज
HNN/ बिलासपुर
घुमारवीं के पन्याला में पशुपालन विभाग ने एक जीप को पकड़ा है जिसमें ठूंस-ठूंस कर मवेशी भरे हुए थे। जीप से पांच भैंस और दो कटड़े बरामद हुए जिनकी टांगे रस्सियों से बंधी हुई थी। मामले में पुलिस ने जीप चालक प्रदीप कुमार निवासी सोम पाल गांव खेड़ी डाकघर झाड़वन जिला सहारनुपर उत्तर प्रदेश के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी अनुसार, पशुपालन विभाग की टीम चुनाव ड्यूटी के दौरान घुमारवीं के कुठेड़ा बाजार में मौजूद थी। इस दौरान जब सामने से आ रही एक जीप को विभाग ने रोकने का प्रयास किया तो चालक मौके से फरार हो गया। लिहाजा टीम ने जीप चालक का पीछा किया और उसे पन्याला के पास पकड़ लिया।
जब जीप की तलाशी ली गई तो उसमें मवेशी ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे जिनकी टांगे भी रस्सियों से बांध दी गई थी। जिसके बाद पशुपालन विभाग ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को मौके से गिरफ्तार करते हुए उसके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। मामले की पुष्टि डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने की है।