Loading...

Arrest / अवैध खनन पर कार्रवाई कर रही पुलिस का रास्ता रोका, सात युवक गिरफ्तार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 14 Mins Ago • 1 Min Read

Arrest / सोलन जिले के सरसा खड्ड के केंदूवाल क्षेत्र में अवैध खनन पर कार्रवाई के बाद जब्त ट्रैक्टर लेकर लौट रही पुलिस टीम का रास्ता रोकने और वाहन छुड़ाने का प्रयास करने के आरोप में सात युवकों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों पर पुलिस कर्मियों से अभद्रता और उन्हें धमकाने का भी आरोप है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी को नोटिस देकर रिहा कर दिया गया है।

सोलन/बद्दी

पुलिस को शुक्रवार रात करीब दो बजे केंदूवाल स्थित सरसा खड्ड में अवैध खनन होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और अवैध खनन में संलिप्त एक ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। पुलिस कर्मी जब्त ट्रैक्टर को लेकर थाना बद्दी की ओर आ रहे थे, तभी रास्ते में सात युवकों ने टीम को रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने जबरन ट्रैक्टर छुड़ाने की कोशिश की और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को धमकियां दीं।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर सातों युवकों को पकड़ लिया। थाना बद्दी में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और खनन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। डीएसपी योगराज चंदेल ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और अवैध खनन के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को नियमानुसार नोटिस देकर रिहा कर दिया गया और मामले की जांच जारी है।

Related Topics: •