पहली बार मतदान करने पहुंचे युवाओं में दिखा उत्साह, बुजुर्गों ने भी दिखाया जोश
HNN / शिमला
हिमाचल प्रदेश में आज 68 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है। प्रदेश भर में बनाए गए 7,881 मतदान केंद्रों में मतदान हो रहा है। 8 दिसंबर को चुनाव नतीजे घोषित होंगे। मतदाता चुनावी मैदान में उतरे भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), माकपा, बसपा और निर्दलीय समेत 412 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 388 पुरुष और 24 महिला प्रत्याशी शामिल हैं।
प्रदेश में कुल 55,92,828 मतदाताओं में से 28,54,945 पुरुष, 27,37,845 महिलाएं और 38 थर्ड जेंडर हैं। मतदान के दौरान 142 बूथ महिलाओं और 37 दिव्यांग कर्मियों के हवाले किए गए हैं। प्रदेश भर में 136 आदर्श मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। 7,881 में से 378 अति संवेदनशील और 903 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। मतदान के लिए युवाओं से लेकर महिलाओं, बुजुर्गों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
लोग सुबह से वोट देने के लिए मतदान केंद्रों पर अपनी बारी के इंतजार में लाइनों में लगे नजर आ रहे हैं। इसके अलावा दिव्यांग व थर्ड जेंडर मतदाताओं में भी मतदान को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। वही इस बार पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। युवाओं ही नहीं बल्कि बुजुर्गों में भी मतदान को लेकर काफी उत्साह है। बुजुर्ग खुद बूथों पर जाकर मतदान कर रहे हैं।