पहाड़ियों पर शुरू हुआ बर्फबारी का दौर, मनाली-लेह मार्ग बंद
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों पर शनिवार के बाद रविवार को भी बर्फबारी का दौर लगातार जारी रहा। ऐसे में प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप भी बढ़ गया है। वही ताजा बर्फबारी के कारण वाहन चालकों की मुश्किलें भी बढ़ने लग गई है। बर्फबारी से सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है और बर्फ जमा होने के चलते सफर करना जोखिम भरा हो गया है।
इसी के चलते प्रशासन ने मनाली-लेह मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है। प्रशासन द्वारा वाहनों को लेह मार्ग सरचू से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। बता दे, जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में रविवार सुबह बर्फ के फाहे गिरे। लाहौल स्पीति की मयाड़ घाटी सहित तिन्दी, तोद घाटियों के अलावा कुंजुम पास, बारालाचा दर्रा, जिंग जिंग बार सहित घाटी की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है।