Loading...

पांवटा पहुंचे पूर्व सीएम जयराम ठाकुर, बोले- कांग्रेस ने एक माह बाद किया आधे अधूरे मंत्रिमंडल का गठन

SAPNA THAKUR 8 Jan 2023 Edited 8 Jan 1 min read

HNN/ पांवटा

हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर रविवार को जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब पहुंचे। यहां लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर जमकर निशाना भी साधा। पूर्व सीएम ने कहा कि एक महीने बाद कांग्रेस ने आधा अधूरा मंत्रिमंडल का गठन किया है जिसमें 6 मुख्य संसदीय सचिव को बनाया गया है जो कि असंवैधानिक है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने विधायकों पर विश्वास नहीं हैं इसलिए उन्हें बांधने के लिए 6 सीपीएस बनाए गए है। कांग्रेस ने सरकार बनाये रखने के लिए यह काम किया है साथ ही सरकार ने अन्य तीन लोगों को कैबिनेट रैंक का दर्जा दिया है जिससे प्रदेश की जनता पर बोझ बढ़ेगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि पूरे विधानसभा सत्र में कांग्रेस सरकार के नेताओं ने हिमाचल में खर्च कम करने की बात की थी पर छह सीपीएस बनाने से उन्होंने हिमाचल की गरीब जनता पर करोड़ों रुपए का बोझ डाल दिया है।

कांग्रेस नेता सत्ता सुख भोगने के लिए गरीबों पर बोझ डाल रहे हैं, बड़ी जल्दी प्रदेश सरकार 3000 करोड़ का एक कर्ज भी लेने जा रही है उसके लिए विधानसभा में इन्होंने बिल भी पारित किया है। शायद यह कर्ज केवल सीपीएस बनाने के लिए ही बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक हिमाचल पर 74622 करोड़ का कर्ज है और अगर प्रदेश सरकार 3000 करोड़ का और कर्ज लेती है तो यह बढ़कर 77622 करोड हो जाएगा।

जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने हिमाचल की जनता को एक और तोहफा दिया है। शनिवार रात को प्रदेश सरकार ने डीजल पर 3.01 रुपए का वैट बढ़ा दिया है पहले डीजल पर 4.40 वैट लगता था जिसको बढ़ाकर अब प्रदेश सरकार ने 7.40 कर दिया है। इस दौरान पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं विधायक सुखराम चौधरी, पच्छाद की विधायक रीना कश्यप, बलदेव तोमर आदि मौजूद थे।

Related Topics: