पांवटा पुलिस की बड़ी कार्यवाही: नशा तस्कर के घर से 59 लाख की नकदी बरामद
आरोपी संजय कुमार मौके से फरार, पांवटा थाने में पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत 2 मामले है दर्ज
HNN/ पांवटा साहिब
जिला सिरमौर की पांवटा साहिब पुलिस की एक विशेष टीम ने बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। पुलिस ने पांवटा के वार्ड नंबर-10 के देवीनगर में एक नशा तस्कर के घर में दबिश देकर अलमारी से 59 लाख 10 हजार, 100 रुपए बरामद किए हैं।
आरोपी की पहचान संजय उर्फ संजू पुत्र स्व. मंगत राम निवासी हाउस नंबर 304, वार्ड नंबर-10 के देवीनगर, तहसील व थाना पांवटा-साहिब, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। पुलिस ने नकदी को बीएनएसएस की धारा-106 के तहत कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि संजय कुमार व उसकी पत्नी पूनम के घर से नशे की खेप सहित नकदी बरामद हो सकती है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने घर पर दबिश दी।
मगर पुलिस के पहुंचने से पहले घर का मालिक संजय कुमार मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस को बैडरूम में एक गुप्त अलमारी का पता चला। तलाशी करने पर अलमारी से 59 लाख 10 हजार, 100 रुपए की नकदी बरामद हुई।
बता दें कि आरोपी संजय कुमार के खिलाफ पांवटा थाने में एनडीपीएस का एक मुकदमा 15 अगस्त 2017 व दूसरा 6 फरवरी 2020 को दर्ज हुआ था। उधर, पांवटा साहिब की डीएसपी अदिति सिंह ने मामले की पुष्टि की है।