पांवटा में अवैध खनन करते पकड़े पांच वाहन, वसूला 1.10 लाख रुपये जुर्माना
HNN/ पांवटा
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में वन विभाग ने अवैध खनन पर एक बार फिर से बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। इस दौरान वन विभाग की टीम ने अवैध खनन करते एक ट्रक सहित चार ट्रैक्टरों को पकड़ा साथ ही उन्हें जुर्माना भी लगाया गया है। वहीं वन विभाग की इस कार्यवाही से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
बता दें कि विभाग ने मानपुर देवड़ा और मतरालियों में गुप्त सूचना के आधार पर इस कार्यवाही को अंजाम दिया है। इस दौरान वन मंडल पांवटा साहिब की टीम ने मतरालियों व मानपुर देवड़ा क्षेत्र में दबिश दी। यहाँ एक ट्रक और चार ट्रैक्टरों को अवैध रूप से खनन करने और नदी मार्ग का प्रयोग करने पर जब्त किया गया। इसके साथ विभाग ने वाहन संचालकों से 1.10 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूल किया।
उधर, डीएफओ पांवटा साहिब कुनाल अंग्रीश ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मानपुर देवड़ा और मतरालियों में अवैध खनन करते पांच वाहनों के चालान किए गए है। उन्होंने बताया कि विभाग की खनन माफियाओं के खिलाफ यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।