पांवटा साहिब बाल विवाह के मामले में पुजारी से रिकॉर्ड तलब
फिलहाल पुलिस ने नाबालिग के अपहरण का किया मामला दर्ज
HNN/ पांवटा साहिब
पांवटा साहिब के जामनिवाला में बाल विवाह का मामला संज्ञान में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 मई को लापता हुई एक नाबालिग की मां ने बताया कि उसकी बेटी अपनी नानी के यहां जाने की बात कहकर घर से गई थी। बेटी घर से तो चली गई मगर नानी के घर नहीं पहुंची।
इसकी जानकारी नाबालिग की मां को अपनी मां के घर फोन करने के बाद पता चली। लिहाजा मां के द्वारा सब जगह अपनी बेटी को तलाशने के बाद इसकी जानकारी उसने पुलिस को दी और अपनी बेटी के अपहरण की आशंका जताई।
वहीं जब बेटी की तलाश परिजन कर रहे थे तो उन्हें यह पता चला कि हरियाणा का एक युवक उनकी नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया है। यही नहीं उसके द्वारा पांवटा साहिब के एक मंदिर में पंडित के द्वारा उनकी शादी भी करवा दी गई।
शादी का तमाम रिकॉर्ड मंदिर पुजारी के पास जमा बताया गया है। मामला जब एसडीएम पांवटा साहिब के पास पहुंचा तो उन्होंने पुजारी से शादी संबंधित तमाम दस्तावेज तलब करने के लिए कहा।
उधर, डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर लड़की के अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। बरहाल लड़की के मंदिर के पुजारी के द्वारा कौन से दस्तावेज को आधार मानकर हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया गया यह अब जांच का विषय है।
यही नहीं लड़की यदि नाबालिग थी तो पुजारी ने कौन से और किस प्रमाण पत्र के आधार पर एक नाबालिग का विवाह कराने की जुर्रत की यह सब आप पुलिस की जांच का विषय है।