पांवटा साहिब में खूनी रंजिश का खौफनाक अंजाम, स्कॉर्पियो से युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब में आपसी रंजिश ने खौफनाक रूप ले लिया। केदारपुर क्षेत्र में दो सगे भाइयों ने स्कॉर्पियो गाड़ी से युवक को कुचलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है।
पांवटा साहिब
पुलिस के अनुसार यह घटना 5 नवंबर की है। इसरार पुत्र आरिफ निवासी कलेसर, यमुनानगर (हरियाणा) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि भूपपुर में अशरफ अली (35) निवासी कलेसर की हत्या आपसी रंजिश के चलते की गई। रिपोर्ट में बताया गया कि आशिक अली और खुर्शीद उर्फ ईनाम, दोनों सगे भाई, ने योजनाबद्ध तरीके से स्कॉर्पियो गाड़ी से अशरफ अली को टक्कर मारी और फिर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई
पुलिस ने शिकायत के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल की गई ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो (A/F) को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। बताया गया कि घटना के समय आरोपियों ने अमजद अली पर भी जानलेवा हमला किया था।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने बताया कि मामला आपसी रंजिश और अवैध खनन सामग्री के विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा और आगे की जांच जारी है।