पांवटा साहिब में तेज रफ्तार बुलेट ने राहगीर को मारी टक्कर, मौत

HNN/ पांवटा साहिब

हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वाहन चालकों की लापरवाही की वजह से प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक सड़क हादसे पेश आ रहे हैं। मामला जिला सिरमौर के उप मंडल पांवटा साहिब का है, यहां सूरजपुर गुरुद्वारा के समीप एक व्यक्ति तेज रफ्तार बुलेट की चपेट में आ गया। जिस कारण उसकी मौत हो गई है।

वहीं इस वारदात को अंजाम देने के बाद चालक भी मौके से फरार हो गया है। मृतक की पहचान पुरुवाला के सूरजपुर निवासी मुनासिब अली पुत्र साबिर मोहम्मद के तौर पर की गई है। पुलिस ने आईपीसी की धारा-279, 337, 338 व एमवी एक्ट की धारा-187 के तहत मामला दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर गुरुद्वारा के समीप तेज रफ्तार बुलेट ने सड़क पार कर रहे एक राहगीर को जोरदार टक्कर मारी। इस दौरान असंतुलित होकर बुलेट सवार गिर गया, जबकि राहगीर को चपेट में ले लिया।

शख्स बुलेट की चपेट में आने से काफी दूर तक उसके साथ घसीटता हुआ चला गया, जिसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले की पुष्टि पांवटा साहिब के डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने की है।