Loading...

पांवटा साहिब में नशा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, सहारनपुर से 7440 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read


हिमाचल नाऊ न्यूज पांवटा साहिब

जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। स्पेशल डिटेक्शन टीम की कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर तक फैले नेटवर्क का खुलासा हुआ है और बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल को पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पांवटा साहिब ट्रक यूनियन के पास एक टेंपो से दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 1104 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए थे। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से गहन पूछताछ की, जिसके आधार पर नशा तस्करी के बैकवर्ड लिंक तक पहुंच बनाई गई।

इसी कड़ी में 26 अप्रैल को पुलिस टीम ने सहारनपुर के गोवर्धनपुर ढलानी क्षेत्र में एक मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के अंदर एक कमरे में छिपाकर रखे गए 7440 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए गए।
पुलिस ने इस मामले में तीसरे आरोपी गफ्फार (51) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी बाहरी राज्य से हिमाचल में नशा सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
जिला पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे अंतरराज्यीय गिरोह की गतिविधियों पर असर पड़ने की संभावना है।

पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि चाहे आरोपी प्रदेश के भीतर के हों या बाहरी राज्यों से जुड़े हों, उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाएगा।

Related Topics: