पांव फिसलने से डैम में गिरा 14 वर्षीय लड़का, गई जान
HNN/ बिलासपुर
जिला बिलासपुर के शाहतलाई पुलिस थाना क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत जड्डू कुल्ज्यार में एक बच्चा पांव फिसलने से डैम में जा गिरा, जिस कारण उसकी जान चली गई है।
मृतक की पहचान 14 वर्षीय प्रियांशु पुत्र राकेश कुमार निवास बसंतपुर तहसील सुन्नी के रूप में हुई है। प्रियांशु अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। वहीं बच्चे की मौत से परिजनों पर दुःखो का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, प्रियांशु अपने पिता के साथ डैम में नहाने गया था। इसी दौरान प्रियांशु डैम के किनारे नहा कर बाहर आ रहा था कि अचानक कीचड़ में पांव फिसलने से वह पानी की गहराई में चला गया।
काफी देर बाद उसे बेहोशी की हालत में पानी से बाहर निकाला। जिसके बाद उसे झंडूता सिविल अस्पताल पहुंचाया , जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीएसपी चंद्रपाल ने मामले की पुष्टि की है।