Loading...

पीएम किसान योजना की 19वीं किस्त आज जारी , 9.80 करोड़ किसानों को मिलेगा लाभ

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 24 Feb 2025 • 1 Min Read

नई दिल्ली – प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देशभर के करोड़ों किसानों को राहत मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 24 फरवरी 2025 को बिहार के भागलपुर से 9.80 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 19वीं किस्त की राशि ट्रांसफर करेंगे। इस मौके पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे।

किसानों के खाते में पहुंचेगी 22,000 करोड़ रुपये की राशि

प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 2 बजे भागलपुर में आयोजित किसान सम्मान समारोह के दौरान सिंगल क्लिक के जरिए प्रत्येक किसान के खाते में 2,000 रुपये की राशि भेजेंगे। इस बार सरकार 22,000 करोड़ रुपये की राशि किसानों को प्रदान कर रही है। इससे पहले, 18वीं किस्त में 20,665 करोड़ रुपये जारी किए गए थे।

किसानों को सालाना मिलता है 6,000 रुपये

पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि तीन समान किश्तों में किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है। योजना की शुरुआत से अब तक किसानों को 3.46 लाख करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। 19वीं किस्त जारी होने के बाद यह आंकड़ा 3.68 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।

कृषि मंत्री का बयान

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि इस कार्यक्रम से करीब 2.5 करोड़ किसान प्रत्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों के लिए बहुत लाभकारी साबित हुई है। इससे छोटे किसानों को बुआई के समय खाद-बीज खरीदने और अन्य कृषि जरूरतों को पूरा करने में मदद मिली है।

IMPRI की रिपोर्ट में योजना को बताया फायदेमंद

IMPRI की एक रिपोर्ट के अनुसार, पीएम किसान सम्मान निधि योजना ने किसानों की वित्तीय परेशानियों को कम किया है। इस योजना से मिलने वाली राशि ने उन्हें ब्याज पर कर्ज लेने की जरूरत को कम किया और उनकी कृषि लागत में मदद की।