Loading...
una

पीरनिगाह मंदिर के पास श्रद्धालुओं से भरा कैंटर पलटा, नौ घायल; चार को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 6 Mar 2026, 11:51 AM | Updated: 6 Mar 2026, 12:14 PM 1 min read

पीरनिगाह के पास श्रद्धालुओं से भरी कैंटर गाड़ी पलटने से नौ लोग घायल हो गए। घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया, जहां से चार गंभीर घायलों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।

ऊना/पीरनिगाह

पीरनिगाह मंदिर के पास हुआ हादसा

सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह के समीप श्रद्धालुओं से भरी एक कैंटर गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में नौ श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार श्रद्धालुओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

होला मोहल्ला के लिए मैड़ी आए थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार पिहोवा, जिला कुरुक्षेत्र से एक दर्जन से अधिक श्रद्धालु कैंटर गाड़ी में होला मोहल्ला के अवसर पर बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी में माथा टेकने पहुंचे थे। वहां दर्शन करने के बाद श्रद्धालु पीरनिगाह मंदिर में भी माथा टेकने पहुंचे।

रात में वापसी के दौरान हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम श्रद्धालुओं ने पीरनिगाह मंदिर में दर्शन किए और रात करीब 11 बजे कैंटर गाड़ी में लंगर का सामान लेकर अपने घर लौटने के लिए रवाना हुए। मंदिर से कुछ दूरी पर उतराई के दौरान एक तीखे मोड़ पर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के दौरान कुछ श्रद्धालु खाई में भी जा गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

सूचना मिलते ही ऊना पुलिस थाना की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने कैंटर चालक साहिब सिंह निवासी झांसा सडक़, सिटी थाना थानेसर, जिला कुरुक्षेत्र के खिलाफ बीएनएस और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मालवाहक वाहनों में यात्रा पर सख्ती

एसपी सचिन हिरेमथ ने बताया कि श्रद्धालुओं से भरे वाहन के पलटने से नौ लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस मालवाहक वाहनों में यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।