पुलिस कर्मी के बेटे के साथ मारपीट, 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
HNN/ ऊना
जिला ऊना के पुलिस थाना अंब के तहत कुठियाड़ी में पुलिस कर्मी के बेटे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घायल का मोहाली अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने घायल युवक के पिता की शिकायत पर कुठियाड़ी के एक थ्री व्हीलर चालक व उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पुलिस चौकी टैरस में कार्यरत संजय कुमार निवासी ओयल ने बताया कि वीरवार रात बेटा अभिनंदन अपने दोस्त को छोड़ पंजोआ से वापस लौट रहा था। कुठियाड़ी खड्ड के समीप टटेहड़ा की तरफ से आ रहे थ्री व्हीलर चालक को गाड़ी पीछे करने को बोला तो भड़क गया और मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं वह मोबाइल छीनकर ले गया।
इसके बाद अभिनंदन अपने दोस्तों के साथ मोबाइल लेने थ्री व्हीलर चालक दीपक कुमार निवासी कुठियाड़ी के घर पहुंचा, जहां पर दीपक व उसकी पत्नी ने अंधेरे में किसी चीज से उसके सिर पर वार किया। इतना ही नहीं गाड़ी के साथ भी तोड़फोड़ की। हमले में घायल अभिनंदन ने भाग कर अपनी जान बचाई।
घायल का अंब अस्पताल में मेडिकल व उपचार करवाया गया। जहां से डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जिसके बाद परिजन अभिनंदन को मोहाली ले गए। डीएसपी अंब वसुधा सूद ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर दंपति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है