Loading...

पुलिस के पीओ सेल ने जीरकपुर से दबोचा उद्घोषित अपराधी

PARUL • 26 May 2024 • 1 Min Read

HNN/बिलासपुर

जिला बिलासपुर में पुलिस के पीओ सेल ने पंजाब के जीरकपुर से एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। अपराधी की पहचान मोहम्मद साजिद निवासी गोटे शाह रोड मंसूर कॉलोनी जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी को आगामी कार्यवाही के लिए सदर थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद साजिद के खिलाफ साल 2015 सदर थाने में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के बाद पुलिस ने मामले को जिला अदालत में दायर किया। आरोपी मोहम्मद साजिद को पेशियों पर हाजिर होने के लिए समन, वारंट आदि जारी किए गए, लेकिन वह नदारद रहा।

इस पर अदालत ने उसे इस साल अप्रैल में भगोड़ा घोषित कर दिया। जिसके बाद से पीओ सेल इसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के जीरकपुर में होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम जीरकपुर रवाना हुई, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने मामले की पुष्टि की है।