पुलिस के हत्थे चढ़े 2 आरोपी, रेलवे कंस्ट्रक्शन कंपनी के स्टोर से चोरी किया था सामान
HNN/ बिलासपुर
जिला बिलासपुर में पुलिस ने चोरी के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कुशहाल चंद और आसिफ खान निवासी रौड़ा सैक्टर बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 5 दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों चोरों ने कुछ दिन पूर्व बिलासपुर के समीप खैरिया में रेलवे कंस्ट्रक्शन कंपनी के स्टोर से सामान चोरी किया था। जिसके बाद कंपनी प्रबंधन ने सदर बिलासपुर थाना में इस बाबत शिकायत दर्ज करवाई थी।
शिकायत मिलने पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। अब पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने चोरों से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है। एएसपी शिव चौधरी ने मामले की पुष्टि की है।
