Loading...

पुलिस के हत्थे चढ़े 3 आरोपी, बैटरियां चुराकर हुए थे फरार

Ankita • 5 Jul 2023 • 1 Min Read

HNN/ बद्दी

जिला सोलन के बद्दी थाना के तहत बैटरी चोरी करने के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राजेश (19) पुत्र महिपाल निवासी जिला मुरादाबाद यूपी, दानिश खान (19) पुत्र रईस खान निवासी संभल जिला मुरादाबाद यूपी व मंगा सिंह पुत्र मदनलाल निवासी शाहपुर पिंजोर हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 3 दिन के रिमांड पर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, बीते माह की 13 तारीख को सडोली मे नवनिर्मित मॉडल कैरियर सैंटर में बैटरी चोरी होने का मामला सामने आया था। 14 जून को पंजाब पुलिस द्वारा घनौली में नाका लगा हुआ था। नाके के दौरान पंजाब पुलिस ने 3 आरोपियों को बैटरियों के साथ गिरफ्तार किया था, जिसके बाद पूछताछ में आरोपियों ने पंजाब पुलिस को बताया कि ये बैटरियां उनके द्वारा हिमाचल के बद्दी से चुराई गई हैं। पुलिस 3 आरोपियों को पंजाब से प्रोडक्शन वारंट पर बद्दी लाई है व आरोपियों से 17 बैटरियां भी बरामद कर ली गई हैं। मामले की पुष्टि एसएचओ बद्दी राकेश राय ने की है।