Loading...

पुलिस के हाथ लगी बड़ी कामयाबी, शराब की खेप के साथ धरा पंजाब निवासी व्यक्ति

PRIYANKA THAKUR • 26 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN / चंबा

जिला पुलिस के हाथ एक और बड़ी कामयाबी लगी है। पुलिस ने एक निजी गाड़ी से अंग्रेजी शराब की भारी खेप बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने पंजाब निवासी एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम चंबा-पठानकोट मार्ग पर तैनात थी। इस दौरान पुलिस ने देखा कि एक पंजाब नंबर की गाड़ी सड़क के किनारे खड़ी है। पुलिस काफी देर तक गाड़ी को निहारती रही।

जब कोई हलचल नहीं हुई, तो पुलिस गाड़ी के पास पहुंची और देखा कि उसमें एक व्यक्ति बैठा हुआ था। जब पुलिस द्वारा व्यक्ति से पूछताछ की जा रही थी तो चालक घबरा गया। पुलिस को चालक पर शक हुआ और उन्होंने गाड़ी की डिक्की को खोला। इस दौरान डिक्की में अंग्रेजी शराब की 238 बोतलें थी।

पुलिस ने जब गाड़ी चालक से शराब को लेकर दस्तावेज मांगे तो वह कुछ भी प्रस्तुत नहीं कर पाया। पुलिस ने तुरंत कार्यवाही करते हुए चालक प्रताप सिंह निवासी अमृतसर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया। मामले की पुष्टि डलहौजी डीएसपी हेमंत ठाकुर ने की है।