पुलिस ने चरस सहित गिरफ्तार किया व्यक्ति
HNN/चंबा
जिला चंबा के सलूणी में पुलिस ने एक व्यक्ति को 97.25 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान हंसो पुत्र चौधरी राम निवासी गांव इधाई, डाकघर टिकरू, तहसील सलूणी व जिला चम्बा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी सलूणी की टीम सलूणी-किहार सड़क पर गश्त के लिए मौजूद थी। इस दौरान एक व्यक्ति हाथ में बैग लेकर खड़ा था। तभी पुलिस की टीम को सामने देखकर वह घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा।
पुलिस की टीम ने उसका पीछा किया और उसे दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास मौजूद बैग से 97.25 ग्राम चरस बरामद हुई। जिसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार किया गया। एसडीपीओ रंजन शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।
