पुलिस ने चोरी के मामले में गिरफ्तार किया युवक
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा के पालमपुर में पुलिस ने चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से चुराए गए चांदी के आभूषण तथा नकदी भी बरामद कर ली है। आरोपी विशाल पंजाब के कपूरथला का रहने वाला है परंतु पिछले लंबे समय से हिमाचल में रह रहा है।
जानकारी के अनुसार, पालमपुर के खिलड़ू में आरोपी ने एक घर में 13 मई को सेंधमारी की थी। घटना के समय घर में कोई नहीं था तथा आरोपी ने दिन-दिहाड़े घर में घुसकर चांदी की मूर्तियों तथा नकदी चुरा ली थी, हालांकि स्वर्ण आभूषण चोर के हाथ नहीं लग पाए थे।
पुलिस जांच में सीसीटीवी में एक संदिग्ध दिखा था। जिस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से सारा सामान रिकवर कर लिया है। डीएसपी पालमपुर लोकेंद्र सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।