पुलिस ने देवदार से लदी पिकअप पकड़ी, आरोपी फरार
HNN/ पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में पुलिस की टीम ने देवदार की लकड़ी से भरी पिकअप को पकड़ा है। आरोपी की पहचान राज रावत पुत्र प्रताप के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 379, 411 के अलावा वन संरक्षण अधिनियम की धारा 41 और 42 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम नाकाबंदी कर रही थी। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने उत्तराखंड की पिकअप (UK07CA-3310) को जांच के लिए रुकवाया। इस दौरान चालक पुलिस को देख कर गाड़ी से उतरकर मौके से फरार हो गया। बता दें पिकअप के अंदर से देवदार के 34 स्लीपर बरामद हुए है, जिनकी कीमत 2 लाख 67 हजार 400 रुपए आंकी गई है।
मामले की पुष्टि डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।