पुलिस ने नशीली दवाओं के साथ दबोचे पांच युवक
HNN/शिमला
राजधानी शिमला के उपमंडल चौपाल में पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए 5 युवकों को दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
आरोपियों की पहचान चिराग रमचाइक (25) पुत्र सोहन सिंह निवासी गांव बागना, डाकघर व तहसील नेरवा, राकेश (31) पुत्र मंगत राम निवासी ग्राम चाड़च, डाकघर धबास व तहसील चौपाल, गुलशन (34) पुत्र हरिसिंह निवासी ग्राम बघार चौकी डाकघर धबास व तहसील चौपाल, पवन कुमार (25) पुत्र भगत राम निवासी गांव धारचांदना, डाकघर और तहसील कुपवी और निशांत (25) पुत्र किशोरी शर्मा निवासी ग्राम घोटाड़ी, डाकघर मधान व तहसील एवं थाना नेरवा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार चौपाल थाना पुलिस की एक टीम बाजार में गश्त पर निकली हुई थी। जब यह टीम शराब ठेके के पास पहुंची तो उसे सूचना मिली कि कुछ लोग नशीली दवाओं की तस्करी कर रहे हैं। पुलिस टीम तुरंत सुंदर सिंह बिल्डिंग पहुंची, जहां कोडीन फॉस्फेट और ट्राइप्रोलिडाइन हाईड्रोक्लोराइड सिरप की तस्करी कर रहे 5 युवकों को पकड़ा गया।
पुलिस ने इनके कब्जे से 38 शीशियां कोडीन फॉस्फेट और ट्राइप्रोलिडाइन हाईड्रोक्लोराइड सिरप की भी जब्त की हैं। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कारवाही शुरू कर दी है। डीएसपी चौपाल सुशांत शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।