पुलिस ने रिहायशी मकान में दी दबिश, मौके से बरामद हुआ सरकारी डिपो का राशन
HNN/ पांवटा
जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में पुलिस ने रिहायशी मकान में दबिश देकर सरकारी डिपो का राशन बरामद किया है। आरोपी इस सरकारी राशन को बेचकर भारी मुनाफा कमाने की फिराक में था कि तभी पुलिस ने मौके पर दबिश दी और भारी मात्रा में सरकारी राशन को जब्त कर लिया। वहीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम जब पांवटा साहिब के वाय पॉइंट पर गश्त कर रही थी तो गुप्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि रामपाल पुत्र गुलजार सिहं निवासी हिरपुर ने अपने रिहायशी मकान में भारी मात्रा में सरकारी डिपो का राशन चावल, गेहूं, चीनी, दाले इत्यादि छुपा कर रखा है।
पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी तो मौके से उक्त सरकारी राशन की खेप बरामद हुई। लिहाजा पुलिस ने तुरंत कार्यवाही करते हुए आरोपी के खिलाफ सरकारी राशन को घर में भण्डार करके अपने लाभ के लिए बेच कर मुनाफा कमाने पर धारा 3, 7 EC एक्ट & 420 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया है।