पुलिस ने हरियाणा के दो युवकों को चरस सहित किया गिरफ्तार
HNN/बिलासपुर
जिला बिलासपुर में कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर पुलिस ने दो युवकों को 320 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान मोहित निवासी प्रेम नगर अंबाला व गगनदीप सिंह निवासी सेठी गार्डन अंबाला हरियाणा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलासपुर पुलिस की टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन सड़क पर पट्टा के पास नाकाबंदी की हुई थी। जिसके चलते वहां वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान उन्होंने मंडी-भराड़ी की तरफ से आने वाली हरियाणा नंबर की एक कार को जांच के लिए रोका तो कार में सवार 2 युवक पुलिस को देखकर घबरा गए।
जिसके बाद उन्होंने शक के आधार पर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 320 ग्राम चरस बरामद हुई। एएसपी बिलासपुर शिव चौधरी ने मामले की पुष्टि की है।