पुलिस ने हरियाणा रोडवेज की बस में सवार व्यक्ति से पकड़ी चरस
HNN/ मंडी
सुंदरनगर पुलिस की टीम ने चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे-21 पर एक व्यक्ति से चरस की खेप पकड़ी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुंदरनगर पुलिस की टीम ने एएसआई दौलतराम की अगुवाई में पुंघ में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान मनाली से चंडीगढ़ जा रही हरियाणा रोडवेज की बस को जांच के लिए रुकवाया गया।
पुलिस जैसे ही बस में चढ़कर तलाशी लेने लगी तो उसमें सवार नंद लाल (35) पुत्र घनश्याम निवासी गांव नेर ढांगू तहसील बल्ह जिला मंडी की गतिविधियों पर संदेह हुआ। लिहाजा उसे पकड़ कर तलाशी ली गई तो आरोपी के कब्जे से 257 ग्राम चरस बरामद हुई। मामले की पुष्टि डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार ने की है।