Loading...

पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के अटैकर पर दिनदिहाड़े चली गोली

PARUL • 20 Jun 2024 • 1 Min Read

घायल सौरव पटियाल को क्षेत्रीय अस्पताल से एम्स किया रेफर, मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

HNN/बिलासपुर

हिमाचल प्रदेश की आबोहवा लगातार बिगड़ती जा रही है। वीरवार को बिलासपुर शहर के सर्किट हाउस कोर्ट रोड़ के समीप दिनदिहाड़े गोलीकांड हुआ है। इस घटना में कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हमला करने वाले मुख्य आरोपी सौरव पटियाल उर्फ फांदी को गोली लगी है। जिसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे स्थानीय एम्स रेफर कर दिया है।

जानकारी के अनुसार हमलावरों ने पिकअप में सवार सौरव पटियाल और उसके साथियों पर उस समय हमला किया जब वे न्यायालय से पेशी के बाद लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने दो राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली सौरव को लगी। इस गोलीकांड के बाद हमलावर न्यायिक परिसर की ओर भागे, जहां उनका एक साथी सौरव के साथियों के हत्थे चढ़ गया।

घटना की जानकारी मिलते ही सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। इस गोलीकांड के बाद न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई है। बता दें कि बीती 23 फरवरी 2024 को प्रदेश कांग्रेस के नेता और पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर कुछ लोगों ने हमला कर घायल कर दिया था। हमला उस समय हुआ था, जब वह जाबली में रेलवे प्रोजेक्ट का काम कर रही डीबीएल कंपनी के पास के गुजर रहे थे।

बंबर ठाकुर पर हुए हमले को लेकर सौरव पटियाल, गौरव कुमार, मंजीत नड्डा, प्रदीप, सूरज और कुलभूषण के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इस गोलीकांड को उस घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। आरोपी पंजाब के बताए जा रहे हैं। फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। ये जांच का विषय है कि ये हमला पूर्व में हुए हमले में बदले की साजिश था या कुछ और।

सवाल उठता है कि यदि हमलावर बाहरी राज्य से बुलाए गए थे और किसने हायर किए थे। यदि हमलावर बाहर से बुलाए गए थे तो ये चिंता का विषय हो सकता है क्योंकि इस तरह के मामले को सुपारी कीलिंग का मामला भी कहा जाता है। इस घटना के बाद मौके पर स्थानीय नेता रामलाल ठाकुर भी पहुंच चुके थे, जिन्होंने इस घटना पर गहरी चिंता भी व्यक्त की है। फिलहाल पुलिस मौके पर है और हर पहलू की जांच की जा रही है।