HNN/ शिमला
राजधानी शिमला के रामपुर में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में नशीले पदार्थ के साथ दो युवकों को हिरासत में लिया है। मामले में पुलिस ने अंकित चौहान पुत्र भगवान दास पीओ भड़ावली और जितेन्द्र उर्फ लाबू पुत्र मेहर चंद गांव बटुना पीओ नोगली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसएचओ करम सिंह अपनी टीम के साथ रामपुर के नोगली पावर हाउस लिंक रोड पर पेट्रोलिंग पर थे। इस दौरान पुलिस की टीम ने सामने से पैदल आ रहे एक युवक को देखा, जो पुलिस को देखकर घबरा गया। जब पुलिस को युवक की गतिविधियों पर संदेह हुआ तो पुलिस ने उसे रोककर उसकी तलाशी। तलाशी के दौरान जितेंद्र से 18.21 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
वही, दूसरे मामले में पुलिस की टीम एसआई मोहन जोशी की अगुवाई में तकलेच नोगली रोड पर बीएड कॉलेज के समीप पेट्रोलिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने सामने से आ रहे अंकित को रोका। पुलिस के द्वारा पूछताछ करने पर वह घबरा गया। तलाशी के दौरान उससे 6.21 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
उधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी राम चंद्र शेखर ने बताया कि पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान अलग-अलग मामले में दो युवकों को नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि युवको से मामले की पूछताछ की जा रही है।

