Loading...

पेयजल को लेकर हुई मारपीट के मामले में नाहन पहुंचा पीड़ित पक्ष

Ankita • 23 Jul 2024 • 1 Min Read

ग्रामीणों ने एसएसपी सिरमौर को सौंपी शिकायत, मांगी कार्रवाई

HNN/नाहन 

जिला सिरमौर के पच्छाद इलाके की ग्राम पंचायत टिक्करी कुठार में पेयजल को लेकर हुई मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष नाहन पहुंचा, जहां दलित शोषण मुक्ति मंच के जिला संयोजक आशीष कुमार और नाहन खंड की सहसंयोजक अनीता के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसएसपी सिरमौर को शिकायत सौंपी।

खलोग गांव के अनुसूचित जाति से संबंध रखने वाले पीड़ित व्यक्ति सालिग राम ने बताया कि 22 जुलाई को वह घर में सोया हुआ था। इस दौरान कुछ लोग उसके घर पर पहुंचे, जिन्होंने उस पर हमला कर दिया। इसकी शिकायत संबंधित पुलिस थाना में भी की गई, लेकिन अभी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।

उन्होंने एसएसपी सिरमौर से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई। दलित शोषण मुक्ति मंच के आशीष कुमार ने बताया कि दलित परिवारों के साथ सिरमौर में मारपीट के मामले आम हो गए हैं।

ग्राम पंचायत टिक्करी कुठार में एक दलित व्यक्ति के साथ पेयजल समस्या को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस थाना में शिकायत करने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में एसएसपी सिरमौर को मामले में शिकायत सौंपते हुए कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। साथ ही जलशक्ति विभाग से भी पेयजल संबंधी समस्या के समाधान का आग्रह किया।