Loading...

प्रदेश भर में ‘संविधान बचाओ अभियान ’ चलाएगी कांग्रेस, चौड़ा मैदान से होगी शुरुआत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 22 Apr 2025 • 1 Min Read

शिमला

प्रतिभा सिंह ने कहा – भाजपा की तानाशाही के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देशों के तहत “संविधान बचाओ अभियान” में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के जनविरोधी निर्णयों और लोकतंत्र को कमजोर करने के प्रयासों को जनता के सामने लाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में अभियान चलाएंगे।

कब और कैसे चलेगा यह अभियान

प्रतिभा सिंह ने बताया कि 25 अप्रैल से 30 अप्रैल तक राज्य स्तर पर, 3 मई से 10 मई तक जिला स्तर पर और 11 मई से 17 मई तक विधानसभा स्तर पर संविधान बचाओ रैलियों का आयोजन होगा। इसके बाद 20 मई से 30 मई तक कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को भाजपा की नीतियों के खिलाफ जागरूक करेंगे।

सोनिया गांधी और राहुल गांधी को निशाना बनाना लोकतंत्र पर हमला

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कांग्रेस नेताओं पर झूठे मुकदमे बनाकर उन्हें परेशान कर रही है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी को परेशान करने की कोशिशों का कांग्रेस मजबूती से मुकाबला करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ रहे हैं, ऐसे में हर कांग्रेस कार्यकर्ता का यह कर्तव्य बनता है कि वे उनका साथ दें।

26 अप्रैल को शिमला में होगी राज्य स्तरीय रैली

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जानकारी दी कि 26 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे संविधान बचाओ अभियान के तहत राज्य स्तरीय रैली शिमला के अंबेडकर चौक पर आयोजित की जाएगी। इस रैली में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, सभी मंत्री, विधायक, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भाग लेंगे।

हर जिले और विधानसभा क्षेत्र में होंगी रैलियां

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य स्तरीय रैली के बाद हर जिला और विधानसभा क्षेत्र में भी इसी तरह की रैलियां आयोजित की जाएंगी, जिनकी तिथियां जल्द घोषित होंगी। उन्होंने सभी नेताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए समर्पण और सक्रियता से कार्य करने की अपील की।

चेतन चौहान ने दी जिम्मेदारी निभाने की नसीहत

प्रदेश मामलों के सह प्रभारी चेतन चौहान ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार हिमाचल में है, ऐसे में इस अभियान में कहीं कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।

बैठक में मौजूद रहे वरिष्ठ नेता

राजीव भवन शिमला में हुई इस बैठक में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, विधायक, निगम-बोर्डों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, 2022 के विधानसभा प्रत्याशी और अग्रणी संगठनों के प्रमुख शामिल रहे।