Loading...

प्रदेश में चल रही है ताले लगाने वाली सुक्खू सरकार- जयराम ठाकुर

Ankita 11 Mar 2023 Edited 11 Mar 1 min read

बिलासपुर की जन आक्रोश रैली में गरजे नेता प्रतिपक्ष जयराम

HNN/ बिलासपुर

प्रदेश में इस समय लोकप्रिय नहीं बल्कि विकास और जनता की उम्मीदों पर ताले लगाने वाली सुक्खू सरकार चल रही है। यह बात बिलासपुर में निकाली गई जन आक्रोश रैली के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कही।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में पूरे देश को ना केवल विकास मिला है बल्कि पूरी दुनिया में भारत देश का परचम भी बुलंद हुआ है। बता दें कि जयराम ठाकुर बिलासपुर शहर की मेन मार्किट में भाजपा की जन आक्रोश रैली को संबोधित कर रहे थे।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हिमाचल की सुक्खू सरकार द्वारा राज्य के करीब सात सौ अधिक संस्थानों को बंद करना प्रदेश की जनता का दुर्भाग्य है। भाजपा इस लड़ाई को लड़ने के लिए आम जनता के बीच जाएंगे। इसके अलावा विधानसभा सत्र में भी जोर शोर से इस मामले को उठाया जाएगा उच्च न्यायालय का भी भाजपा जनता को न्याय दिलाने के प्रति खटखटाया जाएगा।

उन्होंने यह तक भी कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो सुप्रीम कोर्ट तक जाने में भी गुरेज नहीं करेंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि पहले कांग्रेस की वर्तमान पार्टी अध्यक्ष व पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने भी आर्थिक बदहाली का रोना न रोने की सलाह दी है। ऐसे में सुखविंदर सिंह सुक्खू को कम से कम अपने नेताओं की राय माननी चाहिए।

जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने सभी संस्थानों के लिए केेबिनेट की अधिसूचना व बजट मंजूरी के साथ ही खोला था। लेकिन प्रदेश कांग्रेस सरकार ने डिनोटिफाईड कर जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश का गौरव है कि दुनिया की सबसे बड़ी और ताकतवर पार्टी का नेतृत्व प्रदेश के जेपी नड्डा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा देशभर में लगातार जीत हासिल कर रही है। उन्होंने यहां तक कहा कि यह सरकार अगर इसी रवैया में चली तो ज्यादा दिन तक सत्ता का सुख नहीं भोग पाएगी। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने भाजपा कार्यकर्ताओ के साथ सभा स्थल से लेकर गुरुद्वारा चैक तक रैली में भी भाग लिया।

इस रैली को विधायक त्रिलोक जम्वाल, विधायक जेआर कटवाल, विधायक रणधीर शर्मा व पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने भी संबोधित किया।