विधानसभा अध्यक्ष ने घटासनी में सुनी जनसमस्याएं
HNN/ चंबा
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि देश का भविष्य युवा शक्ति पर निर्भर है और युवाओं को सभी की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए देश तथा प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाना होगा।
उन्होंने कहा कि स्कूली छात्रों के लिए 12 जून को शिमला विधानसभा में बाल सत्र का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 68 बच्चे भाग लेंगे। जिसमें बच्चों को एक दिन का बाल विधायक बनने का मौका मिला मिलेगा।
यह बात उन्होंने भटियात विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला घटासनी के शताब्दी समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कही।
इस अवसर पर उन्होंने प्राथमिक पाठशाला घटासनी के गौरवशाली इतिहास एवं उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उसकी सराहना की। उल्लेखनीय है कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला घटासनी की स्थापना 23 अप्रैल 1923 को की गई थी।
विद्यालय के 100 वर्ष पूरा होने पर आज शताब्दी समारोह का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला घटासनी का अतीत अत्यंत वैभवशाली है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुणात्मक शिक्षा को और मजबूत करने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल खोलने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा घोषणा की गई है। इन स्कूलों में एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पठानिया ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र भटियात में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत व पेयजल आपूर्ति से संबंधित कार्यों में विशेष प्राथमिकता रखी गई है। उन्होंने प्राथमिक स्कूल घटासनी के स्कूल प्रबंधन द्वारा रखी गई मांगों पर स्कूल के अतिरिक्त भवन के निर्माण कार्य के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
इसके अतिरिक्त स्थानीय पंचायत द्वारा रखी गई मांगों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कमलाडी -बकलोह-घटासनी- कालापानी सड़क के टायरिंग कार्य पर 80 लाख रुपए की धनराशि व्यय की जाएगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र भटियात में हर एक गांव को सड़क सुविधा से जोड़ना उनकी विशेष प्राथमिकता में शामिल है।
उन्होंने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि द्वारा विभिन्न सड़कों के जीर्णोद्धार के लिए रखी गई मांगो को पूर्ण करने का आश्वासन दिया और घटासनी के खेल मैदान के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने की बात भी कही। उन्होंने यह भी कहा कि आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र घटासनी के भवन का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूर्ण किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए 5 स्कूलों के विद्यार्थियों को मुख्यातिथि ने 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने स्कूल के सांस्कृतिक कार्यक्रम करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए।
विधानसभा अध्यक्ष ने सुनी जन समस्याएं
इसके उपरान्त विधानसभा अध्यक्ष ने लोगों की समस्याएं सुनीं तथा अधिकांश का मौके पर ही निपटारा कर दिया तथा शेष समस्याओं के समाधान हेतू सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने प्राथमिक पाठशाला में शिक्षा ग्रहण कर चुके विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया ।

