प्रदेश शिक्षा बोर्ड ने जारी किया 12वीं का रिजल्ट, 73.76 फीसदी रहा परिणाम
टॉपर छात्रों में सरकारी स्कूल के 10 और निजी स्कूल के 31 विद्यार्थी शामिल
HNN/धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड ने 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार 12वीं का रिजल्ट 73.76 फीसदी रहा। डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बतौर बोर्ड चेयरमैन 12वीं के नतीजे घोषित किए हैं। धर्मशाला बोर्ड मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से परिणामों की घोषणा की गई। शिक्षा विभाग ने 25 दिन में रिजल्ट घोषित कर दिया है।
छात्र आधिकारिक वेबसाइट hpbose.org पर अपने रोल नंबर की मदद से ऑनलाइन मार्कशीट देख सकते हैं। विज्ञान संकाय में 98.80 फीसदी अंक हासिल कर कामाक्षी शर्मा और छाया चौहान ने 12वीं में टॉप किया है। दोनों ने 500 में से 494 अंक हासिल किए हैं। बता दें शैक्षणिक सत्र 2023-24 में 85,777 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। इसमें 63,092 अभ्यर्थी पास हुए हैं। तीन संकाय में 41 टॉपर हैं। इसमें 30 छात्राएं और 11 छात्र शामिल हैं।
कांगड़ा डीसी और स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन हेमराज बैरवा के साथ बोर्ड सचिव डॉ. विशाल शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि टॉपरों में सरकारी स्कूल के 10 और निजी स्कूल के 31 विद्यार्थी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साल का परिणाम 79.4 फीसदी रहा था। पास प्रतिशतता पिछले वर्ष के मुकाबले कम है। 13,276 की कंपार्टमेंट आई है।