HNN/ मंडी
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला मण्डी में सुन्दरनगर के जवाहर पार्क में आयोजित त्रिदेव सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रदेश में मिशन रिपीट सुनिश्चित करने के लिए समर्पण तथा कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने को कहा है ताकि विकास की गति निर्बाध रहे। मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य की विकासात्मक मांगों पर सदैव विचार करने के लिए केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का वर्तमान कार्यकाल ज़रूरतमंदों तथा कमज़ोर वर्गों के कल्याण व उत्थान के लिए समर्पित रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोरोना महामारी के कठिन समय के दौरान बड़ी एवं महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने न केवल निःशुल्क मास्क तथा सैनिटाइजर वितरित किए बल्कि ज़रूरतमंदों को निःशुल्क खाना व आश्रय भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने अपनी आलाकमान को ज़रूरतमंदों के लिए पीपीई किट, वेंटीलेटर, सैनिटाइजर इत्यादि प्रदान करने के नाम पर 12 करोड़ रुपये के फर्जी बिल थमा दिए।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
यदि ऐसे समय में कांग्रेस सत्ता में होती तो प्रदेश की हालातों की कल्पना करना भी असंभव है। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं तथा सदैव प्रदेश की विकासात्मक मांगों के प्रति संवेदनशील रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने गत चार वर्षों से अधिक समय के दौरान हिमाचल प्रदेश को देश का सबसे प्रगतिशील राज्य बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश तथा प्रदेश में पूर्ण रूप से अपना आधार खो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों ने राज्य में दोबारा भाजपा को लाने का मन बना लिया है जिस प्रकार देश के चार अन्य राज्यों में भाजपा सरकार पुनः सत्ता में आई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गत साढ़े चार वर्षों के दौरान प्रदेश में 8.37 लाख से अधिक पानी के नल स्थापित कर प्रत्येक घर को नल से पेयजल प्रदान करने में प्रशंसनीय प्रदर्शन किया है जबकि गत 50 वर्षों के दौरान राज्य में केवल 7.63 लाख पानी के नल स्थापित किए गए थे।
उन्होंने केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का इस कार्य के लिए धन्यवाद किया। केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा आरम्भ की गई विकासात्मक तथा कल्याणकारी योजनाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश में गत साढ़े चार वर्षों में आशातीत विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दो सांसदों की पार्टी से विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का सफर तय किया है।
उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय देश के प्रत्येक पार्टी कार्यकर्ता को जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य में जय राम सरकार द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के फलस्वरूप प्रदेश में किसी पार्टी द्वारा दोबारा सरकार न बना पाने के भ्रम को तोड़ते हुए भाजपा सरकार पुनः विजयी होने के लिए तैयार है। गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि जन धन योजना के आरम्भ के समय 10 करोड़ बैंक खाते खोले गए तथा आज 45 करोड़ बैंक खाते खोले जा चुके हैं, जो विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के लिए वरदान साबित हुए हैं।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





