Road Closed / दधोल-जरोड़ा व भल्लू-बलघाड़ सड़क मार्ग मरम्मत के चलते अस्थायी रूप से बंद
मरम्मत कार्य के कारण घुमारवीं और झण्डुता उपमंडल की दो महत्वपूर्ण सड़कों को अस्थायी रूप से यातायात के लिए बंद किया गया है। प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग निर्धारित करते हुए आमजन से सहयोग की अपील की है।
बिलासपुर
दधोल-जरोड़ा मार्ग 27 फरवरी तक रहेगा बंद
जिला दण्डाधिकारी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के अंतर्गत आदेश जारी करते हुए बताया कि घुमारवीं उपमण्डल के दधोल से जरोड़ा सड़क मार्ग पर आवश्यक मरम्मत कार्य चल रहा है। इसके चलते यह मार्ग 27 फरवरी तक सभी प्रकार के यातायात के लिए बंद रहेगा।
भल्लू-बलघाड़ व राहियां-अमरपुर-हडसर-घुमारवीं मार्ग 31 मार्च तक बंद
झण्डुता उपमंडल के अंतर्गत भल्लू से बलघाड़ तथा राहियां-अमरपुर-हडसर-घुमारवीं सड़क मार्ग को भी आवश्यक मरम्मत कार्य के चलते 31 मार्च तक बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने राहियां-अमरपुर-हडसर-घुमारवीं रूट के वाहनों को बरठीं-पनोल-झण्डुता सड़क मार्ग का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। वहीं भल्लू से बलघाड़ मार्ग के यातायात को मलारीकलां-मांडवा-झण्डुता सड़क तथा बरठीं-सुन्हाणी बाया पनौल मार्ग से संचालित करने को कहा गया है।
आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी छूट
मरम्मत कार्य के दौरान केवल एम्बुलेंस, स्कूल बसें, वीआईपी वाहन तथा अन्य आपातकालीन सेवा वाहनों को आवागमन की अनुमति दी गई है। प्रशासन ने नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।