Loading...

प्रदेश सहित सिरमौर पुलिस में बड़ा फेरबदल, नए एएसपी और दो डीएसपी संभालेंगे जिम्मेदारी

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

नरेंद्र कुमार होंगे सिरमौर के नए एएसपी; सिद्धार्थ शर्मा नाहन और मंगत राम संगड़ाह के डीएसपी, योगेश रौलटा समेत तीन अधिकारी ट्रांसफर

हिमाचल नाऊ न्यूज़ शिमला

हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 54 एचपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल का सीधा असर सिरमौर जिला पुलिस पर भी पड़ा है। जिले को नया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मिला है, जबकि नाहन और संगड़ाह में डीएसपी स्तर पर भी नई तैनाती की गई है।

वहीं सिरमौर में तैनात तीन पुलिस अधिकारियों को जिले से बाहर भेजा गया है।जारी आदेशों के अनुसार पांचवीं भारतीय रिजर्व बटालियन बस्सी में तैनात नरेंद्र कुमार को स्थानांतरित कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर लगाया गया है। इससे सिरमौर पुलिस को नया एएसपी मिला है।

वहीं डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा को नाहन की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि मंगत राम को डीएसपी संगड़ाह लगाया गया है। इन नियुक्तियों से जिला मुख्यालय नाहन के साथ-साथ संगड़ाह उपमंडल में भी पुलिस नेतृत्व में बदलाव होगा।फेरबदल में सिरमौर से तैनात अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। योगेश रौलटा को सिरमौर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मादक पदार्थ निरोधक कार्यबल शिमला भेजा गया है।

वहीं अजय कुमार को सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो सिरमौर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऊना लगाया गया है।इसके अलावा सिरमौर में डीएसपी के पद पर तैनात रमाकांत ठाकुर को डीएसपी श्री नयनादेवी जी, बिलासपुर भेजा गया है। ऐसे में जिले में एक साथ एएसपी और डीएसपी स्तर पर व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।

नाहन और संगड़ाह को मिले नए डीएसपी

नाहन में सिद्धार्थ शर्मा को डीएसपी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं संगड़ाह में मंगत राम नई जिम्मेदारी संभालेंगे। सिरमौर जैसे भौगोलिक रूप से विस्तृत जिले में इन दोनों महत्वपूर्ण पुलिस उपमंडलों में नई तैनाती को अहम माना जा रहा है।सरकार के आदेशों के तहत प्रदेश के अन्य जिलों में भी एएसपी और डीएसपी स्तर पर बड़े बदलाव किए गए हैं। मनमोहन सिंह को एएसपी कुल्लू, शिवराम चौधरी को एएसपी चौथी भारतीय रिजर्व बटालियन जंगलबैरी, प्रवीण धीमान को एएसपी सीआईडी मंडी, राज कुमार को एएसपी लीव रिजर्व पुलिस मुख्यालय शिमला और राजिंद्र कुमार को एएसपी दूसरी भारतीय रिजर्व बटालियन सकोह लगाया गया है।सुरेंद्र कुमार को एएसपी मादक पदार्थ निरोधक कार्यबल कुल्लू, संजीव कुमार को एएसपी कांगड़ा, रमेश कुमार शर्मा को एएसपी सोलन, संजीव कुमार को एएसपी सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो चंबा, वीर बहादुर को एएसपी साइबर अपराध पुलिस थाना मंडी और संतोष कुमार शर्मा को एएसपी सीआईडी शिमला की जिम्मेदारी दी गई है।

डीएसपी स्तर पर भी व्यापक तबादले

सरकार ने डीएसपी स्तर पर भी व्यापक फेरबदल किया है। लाल मन को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पांचवीं भारतीय रिजर्व बटालियन बस्सी, तजिंद्र कुमार वर्मा को डीएसपी ज्वाली, अमर सिंह को डीएसपी सीआईडी शिमला, डॉ. प्रतिभा चौहान को लीव रिजर्व डीएसपी पुलिस मुख्यालय शिमला, संजय शर्मा को डीएसपी ज्वालामुखी के साथ देहरा का अतिरिक्त प्रभार और अनिल कुमार चतुर्थ को डीएसपी सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो बद्दी लगाया गया है।इसके अलावा अजय ठाकुर को डीएसपी सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो शिमला, शेर सिंह को डीएसपी डाडासीबा, विक्रम चौहान को डीएसपी पुलिस मुख्यालय शिमला, वरुण पाटिल को डीएसपी भावानगर, अजय कुमार भारद्वाज को डीएसपी सोलन, राज कुमार को डीएसपी बंजार, लखवीर सिंह को डीएसपी पांचवीं भारतीय रिजर्व बटालियन बस्सी और वीर सिंह को डीएसपी काजा लगाया गया है।वहीं हेम राज को डीएसपी ऊना, नितिन चौहान को डीएसपी सुंदरनगर, रश्मि शर्मा को डीएसपी नादौन, रीता देवी को आईजी कार्यालय मंडी, विक्रांत बोंसरा को डीएसपी मनाली, राजेश कुमार को डीएसपी कांगड़ा, विजय कुमार को डीएसपी दूसरी भारतीय रिजर्व बटालियन सकोह, भारत भूषण को मुख्य सुरक्षा अधिकारी हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, निशा कुमारी को डीएसपी केलंग और हरीश कुमार प्रथम को डीएसपी बड़सर की जिम्मेदारी दी गई है।

संजीव गांधी फिर पुलिस विभाग से बाहर

फेरबदल के बीच आईपीएस अधिकारी संजीव गांधी को एक बार फिर पुलिस विभाग से हटाकर कार्मिक विभाग के तहत सेवाएं देने के आदेश जारी किए गए हैं। उन्हें फिलहाल नई नियुक्ति नहीं दी गई है। संजीव गांधी वर्तमान में पुलिस विभाग में डीआईजी यातायात, पर्यटक एवं रेलवे का दायित्व देख रहे थे।सरकार ने मयंक चौधरी को एएसपी लीव रिजर्व पुलिस मुख्यालय से कमांडेंट द्वितीय वाहिनी सकोह, जबकि द्वितीय वाहिनी सकोह के कमांडेंट अमित यादव को एएसपी साइबर अपराध सीआईडी शिमला लगाया है।मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत के कार्यालय से जारी आदेशों के मुताबिक सभी अधिकारियों को नई तैनाती पर तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालना होगा।

Related Topics: