Loading...

प्रियंका वर्मा बनीं सिरमौर की नई उपायुक्त, विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 28 Apr 2025 • 1 Min Read

नाहन

सिरमौर जिले के विकास के लिए प्राथमिकताएं तय करते हुए प्रियंका वर्मा ने कार्यभार संभालने की तैयारी की

नई जिम्मेदारी को लेकर उत्साहित प्रियंका वर्मा
हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 2015 बैच की आईएएस अधिकारी प्रियंका वर्मा को सिरमौर का नया उपायुक्त नियुक्त किया है। वर्तमान में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (एनआरएचएम) की निदेशक के रूप में सेवाएं दे रहीं प्रियंका वर्मा इससे पहले 2019 में सिरमौर में अतिरिक्त उपायुक्त के तौर पर भी अपनी कुशलता का परिचय दे चुकी हैं। कार्यभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने जिले के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई है।

प्रशासनिक अनुभव से मिलेगा सिरमौर को लाभ
प्रियंका वर्मा के पास एसडीएम कंडाघाट, एसडीएम बिलासपुर और हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीपीसीएल) में निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम करने का समृद्ध अनुभव है। उनके अनुसार, इस अनुभव का लाभ सिरमौर जिले के शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और आधारभूत ढांचे के विकास में मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती
एनआरएचएम निदेशक के तौर पर कार्य करते हुए स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कार्यों का अनुभव प्रियंका वर्मा सिरमौर में भी लागू करेंगी। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और जनसाधारण के लिए उन्हें अधिक सुलभ बनाने की दिशा में ठोस प्रयास करने की बात कही। साथ ही, पारदर्शी संवाद और आम जनता की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर देने का भी संकल्प व्यक्त किया।

जिले के नागरिकों को किया विश्वास दिलाया
चंबा जिले से ताल्लुक रखने वाली प्रियंका वर्मा ने कहा कि डीसी बनना उनके पिता का सपना था, जिसे उन्होंने साकार किया है। उन्होंने सिरमौर के नागरिकों को भरोसा दिलाया कि वह पूर्ण ईमानदारी, समर्पण और निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी। साथ ही, उन्होंने सभी हितधारकों से सहयोग की अपेक्षा जताई ताकि सामूहिक प्रयासों से सिरमौर को विकास के पथ पर अग्रसर किया जा सके।