कांगड़ा/ प्लास्टिक प्रबंधन इकाई से 12 पंचायतें होंगी प्लास्टिक मुक्त, सिहुवां में 19.50 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 3 Mar 2026, 2:15 PM | Updated: 3 Mar 2026, 2:15 PM 1 min read

सिहुवां पंचायत में कॉमन सर्विस सेंटर और प्लास्टिक प्रबंधन इकाई का लोकार्पण किया गया। इस पहल से 12 पंचायतों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के साथ ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सेवाएं उपलब्ध होंगी।

कांगड़ा/शाहपुर

19.50 लाख के विकास कार्यों का शुभारंभ
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की सिहुवां पंचायत में विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने 13 लाख रुपये से निर्मित कॉमन सर्विस सेंटर भवन और 6.50 लाख रुपये की लागत से स्थापित प्लास्टिक प्रबंधन इकाई का विधिवत लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण विकास और स्वच्छता अभियान को नई दिशा देगी।

ग्रामीणों को मिलेगी स्थानीय स्तर पर सुविधा
कॉमन सर्विस सेंटर शुरू होने से पंचायतवासियों को आधार, पैन कार्ड, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी। इससे लोगों का समय और धन दोनों की बचत होगी तथा कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।

12 पंचायतों को जोड़ेगी प्लास्टिक प्रबंधन इकाई
उन्होंने बताया कि सिहुवां में स्थापित प्लास्टिक प्रबंधन इकाई से रैत विकास खंड की 12 अन्य पंचायतों को जोड़ा गया है। इन पंचायतों से एकत्रित प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक ढंग से संग्रहण और संसाधन कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा, साथ ही पंचायतों को अतिरिक्त आय के स्रोत भी मिलेंगे।

पीएचसी भवन और सड़क सुधार की घोषणा
विधायक ने जानकारी दी कि पैड गांव की सड़क के सुधारीकरण एवं मरम्मत के लिए 40 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं और शीघ्र ही कार्य आरंभ होगा। साथ ही पीएचसी सिहुवां के अपने भवन के निर्माण कार्य को भी जल्द शुरू करने की बात कही। कार्यक्रम के उपरांत प्रस्तावित भवन स्थल का निरीक्षण भी किया गया।