फल मंडी में चेरी की दस्तक, एक बॉक्स के इतने रुपए तक मिल रहे दाम….
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश में चेरी के सीजन की शुरुआत हो गई है। कम ऊंचाई वाले क्षेत्र से चेरी मार्केट में पहुंचना शुरू हो गई है। एक तरफ जहां मौसम की मार से बागवान परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ स्टोन फ्रूट के शुरुआती दौर में गिरावट दर्ज की गई है। चेरी का एक बॉक्स 130 से 250 के बीच बिक रहा है, जोकि बीते वर्ष की कीमत के मुकाबले काफी कम है।
शिमला फल मंडी में शनिवार को कुमारसैन से एक बागवान द्वारा चेरी के 14 बॉक्स बेचने के लिए लाए गए थे। इनमें एक बॉक्स 130 रुपये से लेकर 250 रुपये तक बिका। शिमला में इस बार मौसम लगातार खराब हो रहा है। ऐसे में स्टोन फ्रूट की पैदावार पर काफी असर पड़ा है।
इसके साथ ही बीते दिनों हुई ओलावृष्टि से काफी नुकसान पहुंचा है, जिस कारण बागवानों की परेशानी बढ़ गई है। स्टोन फ्रूट से संबंधित बागवानों को उम्मीद थी कि जिस तरह से मौसम इस बार फसल के विपरीत चला है उससे शुरुआती दाम में काफी उछाल आने की उम्मीद थी, लेकिन फिलहाल ऐसा होता दिखाई नहीं दे रहा है।