फार्मर रजिस्ट्री और प्राकृतिक खेती से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर : अजय सोलंकी
पालियों में कृषि विभाग की किसान गोष्ठी, सैकड़ों किसानों ने लिया भाग; काला अंब के आसपास खरीद केंद्र खोलने का आश्वासन
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
कृषि विभाग विकास खंड नाहन की ओर से ग्राम पंचायत पालियों में आयोजित किसान गोष्ठी में सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। गोष्ठी में फार्मर रजिस्ट्री और प्राकृतिक खेती को विशेष रूप से केंद्र में रखते हुए किसानों को विभागीय योजनाओं और आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी दी गई।

नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसान हितैषी सोच के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

सोलंकी ने कहा कि प्राकृतिक खेती से किसानों की उत्पादन लागत कम करने के साथ उपज की गुणवत्ता और बाजार मूल्य बढ़ाने में मदद मिलेगी। सरकार ने गेहूं, मक्की, अदरक और हल्दी सहित विभिन्न कृषि उत्पादों के समर्थन मूल्य बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि भैंस के दूध का समर्थन मूल्य 71 रुपये प्रति किलो किया गया है और इसे जल्द 90 रुपये तक किए जाने के भी संकेत हैं।

उन्होंने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री करवाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे किसानों की भूमि और कृषि संबंधी जानकारी एकीकृत रूप से उपलब्ध होगी तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक अधिक आसानी से पहुंच सकेगा। उन्होंने कहा कि किसान की उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए बाजार व्यवस्था को भी मजबूत करना जरूरी है।

सोलंकी ने कहा कि पालियों क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए धौलाकुआं जाना पड़ता है। किसानों की सुविधा के लिए कृषि उपज समिति से बातचीत कर काला अंब अथवा आसपास खरीद केंद्र स्थापित करवाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने क्षेत्र में अतिरिक्त बस सेवा, नए पुल और सड़कों की समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया। कार्यक्रम के बाद विधायक ने करीब तीन पंचायतों के लोगों की समस्याएं सुनीं और कई का मौके पर समाधान करवाया।
कृषि उपनिदेशक साहब सिंह ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी, जबकि आत्मा परियोजना निदेशक नवदीप कौंडल ने प्राकृतिक खेती के लाभ बताए। ग्राम प्रधान जग्गो देवी व उपप्रधान नवीन चौधरी ने सफल आयोजन के लिए विधायक और कृषि विभाग का आभार जताया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान बर्मा पापड़ी बलदेव सिंह, उपप्रधान सोमनाथ ठाकुर, कांग्रेस नेता बनारसी दास, बंदर बलदेव, हेमराज, डॉ. सुरेश ठाकुर, अमरनाथ व मोहन तथा कृषि विकास अधिकारी चेतन गुप्ता, सहायक कृषि विकास अधिकारी तेजवीर, विषय वस्तु विशेषज्ञ हरभजन सिंह, एटीएम महेंद्र व अस्मिता सहित अन्य अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।