फिर सुर्खियों में आया नाहन का मेडिकल कॉलेज, मरीजों के खाने में निकले कीड़े
मरीजों सहित तीमारदारों ने खाने की गुणवत्ता को लेकर उठाए सवाल, बोले….
HNN / नाहन
जिला मुख्यालय नाहन का मेडिकल कॉलेज एक बार फिर विवादों में आया है। अव्यवस्थाओं के चलते पहले ही मेडिकल कॉलेज सुर्खियों में रहा है, तो वहीं अब मेडिकल कॉलेज में नया मामला सामने आया है। यहां मरीजों को दिए जाने वाले खाने में कीड़े पाए गए हैं। इसके चलते मेडिकल कॉलेज की मेस की कार्यप्रणाली पर यहां उपचाराधीन मरीजों और उनके तीमारदारों ने सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज के आर्थो वार्ड में उपचाराधीन मरीजों को रविवार को दोपहर के समय मेस की ओर से खाने में आलू, सोयाबीन न्यूट्री, चावल और दाल परोसी गई थी। जैसे ही मरीज खाना खाने लगे अचानक उन्हें सोयाबीन न्यूट्री में कीड़े दिखाई दिए। इसके बाद अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों में हड़कंप मच गया। चड़ेऊ के रहने वाले मरीज के तीमारदार सुनील ने इसकी शिकायत ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी और चिकित्सक से की।
इसके बाद चिकित्सक की ओर से मेस कर्मचारी को फटकार लगाई गई। इसके बाद मेस कर्मियों ने इस खाने को नष्ट कर दिया। अस्पताल प्रबंधन, मेस और खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। मरीजों को उपलब्ध करवाए जाने वाले खाने की नियमित जांच हो रही है या नहीं, यह भी बड़ा सवाल है। वहीं मेस कर्मचारियों का तर्क है कि पैकिंग सामग्री में वह कुछ नहीं कर सकते हैं। मेस प्रभारी राहुल ने बताया कि मरीजों को खाना अच्छी तरह से परख कर दिया जा रहा है।
बताया कि न्यूट्री सोयाबीन में कीड़े निकले हैं, जो पैकिंग सामग्री है। सामान की सप्लाई पीछे से ही आ रही है। उन्होंने बताया कि मरीजों को पूरी तरह से जांच करके ही खाना परोसा जा रहा है। मेडिकल कॉलेज के उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनील कक्कड़ ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है। इस बारे में कमेटी का गठन करके जांच की जा रही है। जांच में जो भी सामने आएगा, उस पर नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि मरीजोंं की सेहत से खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।