Loading...

फीता चाहे कोई भी काटे, हम मेडिकल कॉलेज को धरातल पर उतारेंगे – अजय सोलंकी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 11 Feb 2025 • 1 Min Read

मेडिकल कॉलेज का विस्तार हो रहा है, न कि स्थानांतरण – विधायक

नाहन। विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज को हर हाल में धरातल पर उतारा जाएगा, चाहे इसका उद्घाटन कोई भी करे। उन्होंने कहा कि उनका मकसद केवल नाहन विधानसभा क्षेत्र का विकास और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना है।

मेडिकल कॉलेज नाहन के लिए बड़ी देन

मंगलवार को सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में सोलंकी ने कहा कि यह मेडिकल कॉलेज पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की नाहन को बड़ी देन है। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करना चाहते और केवल जनता के हित में काम कर रहे हैं।

भाजपा पर गुमराह करने का आरोप

सोलंकी ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और नाहन के पूर्व विधायक डॉ. राजीव बिंदल को भी सलाह दी कि वे मेडिकल कॉलेज को लेकर जनता को गुमराह न करें। उन्होंने आरोप लगाया कि बिंदल यह बताने का प्रयास कर रहे हैं कि मेडिकल कॉलेज को यहां से शिफ्ट किया जा रहा है, जबकि हकीकत यह है कि भविष्य को ध्यान में रखते हुए काशीवाला में सिर्फ मेडिकल कॉलेज के विस्तार के लिए भूमि चिन्हित की गई है।

स्थानीय लोगों को मिला आश्वासन

सोलंकी ने वर्तमान अस्पताल के आसपास रहने वाले लोगों और दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि अस्पताल अपनी वर्तमान जगह पर ही रहेगा। उन्होंने कहा कि इससे उनके व्यवसाय पर कोई असर नहीं पड़ेगा और विपक्ष केवल राजनीति कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।